बीएसपी से 210 किलो स्क्रैप कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार, तीनों अब पुलिस की गिरफ्त में

बीएसपी से 210 किलो स्क्रैप कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार, तीनों अब पुलिस की गिरफ्त में

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से 210 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के दो फरार आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले के तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब ₹1.26 लाख मूल्य का 210 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर बरामद कर लिया था।

पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन सुबह करीब 9:56 बजे कुछ लोग भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे से अवैध रूप से परिसर में घुसकर 210 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। सीआईएसएफ की सतर्कता के चलते मुख्य आरोपी नेमचंद यादव मौके पर पकड़ लिया गया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने नेमचंद यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा स्क्रैप कॉपर बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। इसके बाद से फरार चल रहे आरोपी आकाश कुहीकर और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद की लगातार तलाश की जा रही थी।

27 जुलाई को भिलाई भट्ठी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर बीएसपी परिसर में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी औद्योगिक परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर चोरी कर बाहर ले जाने की योजना बनाते थे। हालांकि घटना के दौरान सीआईएसएफ की सतर्कता से चोरी की कोशिश नाकाम हो गई और बाद में पुलिस ने फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का नाम :

1. आकाश कुहीकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी एमआईजी-02, क्वार्टर नं. 1745, ढांचा भवन, कुरूद, थाना जामुल, जिला दुर्ग।

2. प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद, उम्र 31 वर्ष, निवासी बजरंग पारा, मरोदा रेलवे स्टेशन के पास, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।

3. नेमचंद यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16, बीआरपी कॉलोनी, स्टेशन मरोदा, जिला दुर्ग (पूर्व में गिरफ्तार)।