भिलाई निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने मीडिया से किया सीधा संवाद, कहा: जलभराव, सफाई और पेयजल होंगी पहली प्राथमिकता

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने शुक्रवार को निगम सभागार में शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पहली औपचारिक परिचय बैठक और संवाद किया। बैठक में 50 से अधिक मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया और शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं तथा नागरिक समस्याओं से जुड़े सवाल उठाए। आयुक्त ने सभी सवालों के जवाब देते हुए निगम की आगामी कार्ययोजना साझा की। आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों में तेजी लाई जाएगी। विशेष रूप से बीएसपी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित स्तर पर चर्चा होगी।

आयुक्त ने घोषणा की कि निगम कार्यालय में प्रत्येक सोमवार सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही लंबित फाइलों की समीक्षा कर अनावश्यक विलंब खत्म किया जाएगा और निगम में ई-ऑफिस व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। राजस्व बढ़ाने के लिए करों की समयबद्ध वसूली पर विशेष जोर दिया जाएगा। निगम की दुकानों की पारदर्शी नीलामी कर आय बढ़ाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि भिलाई को मिशन क्लीन सिटी में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छता कार्यों के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिल सके। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पानी टंकियों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा शहीद पार्क सेक्टर-5 के बेहतर संचालन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) की योजनाओं में तेजी तथा संजय नगर तालाब के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
आयुक्त ने यह भी कहा कि शहर के प्रमुख मॉलों में पार्किंग शुल्क और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित पक्षों से चर्चा की जाएगी, ताकि नागरिकों को व्यवस्थित और सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध कराई जा सके।
संवाद के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जलभराव, सफाई, पेयजल, कर वसूली, पार्किंग, बीएसपी क्षेत्र की समस्याओं समेत कई जनहित के मुद्दे उठाए। आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही निगम और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
