चाय पत्ती बेचकर 26 महीने में 38 लाख का गबन, एरिया सेल्स ऑफिसर गिरफ्तार

चाय पत्ती बेचकर 26 महीने में 38 लाख का गबन,  एरिया सेल्स ऑफिसर गिरफ्तार

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र में 38 लाख रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। गोयल ट्रेडर्स में पदस्थ एरिया सेल्स ऑफिसर को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश जायसवाल के रूप में हुई है, जो कंपनी में चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर और अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री का काम देखता था।

आरोप है कि आरोपी व्यापारियों से सामान बिक्री की रकम तो लेता था, लेकिन उसे कंपनी के खाते में जमा नहीं करता था। जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच करीब 26 महीनों में आरोपी ने लगभग 38 लाख रुपये का गबन किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इस रकम का इस्तेमाल निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश करते हुए उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने रकम खर्च करने की बात भी स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।