कोविड सैनिटाइजेशन कार्य के नाम पर 9.30 लाख की ठगी, तीन साल से फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार

बलरामपुर पुलिस ने सीतामढ़ी से पकड़कर भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

कोविड सैनिटाइजेशन कार्य के नाम पर 9.30 लाख की ठगी, तीन साल से फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार

बलरामपुर। चौकी वाड्रफनगर पुलिस ने धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर कोविड-19 के दौरान सैनिटाइजर छिड़काव कार्य दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 10/2024 के तहत धारा 420 और 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ओम प्रकाश कुशवाहा ने वर्ष 2024 में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि “हमारी दिशा हमारे कदम” नामक संस्था, दिल्ली के संचालक राजेश कुमार और उसके सहयोगी मनोज चौहान ने छत्तीसगढ़ के कई गांवों में कोविड-19 सैनिटाइजेशन कार्य कराने का झांसा दिया था।

शिकायत में कहा गया कि कार्य कराने और नया काम दिलाने के नाम पर आरोपियों ने छलपूर्वक कुल 9 लाख 30 हजार रुपये ले लिए, लेकिन भुगतान नहीं किया। बाद में रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और संस्था बंद कर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजेश कुमार की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद उसे बिहार के सीतामढ़ी जिले के रूनी सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रूनी से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद करीब तीन साल से फरार था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच जारी है।

नाम आरोपी :- राजेश कुमार पिता रामपुकार उम्र 40 वर्ष सा. रूनी थाना रूनी सैदपुर जिला सीतामढ़ी बिहार