दीनदयाल योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: मजदूरों की राशि फर्जी खातों में ट्रांसफर, दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
जनपद पंचायत के लॉगिन आईडी-पासवर्ड का दुरुपयोग कर 107 हितग्राहियों के करीब 17 लाख रुपये हड़पे, मोबाइल-एटीएम कार्ड जब्त


दुर्ग। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। योजना के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में आने वाली शासकीय राशि को फर्जी तरीके से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला थाना धमधा और पाटन क्षेत्र से जुड़ा है, जहां कुल 107 हितग्राहियों की करीब 17 लाख 10 हजार रुपये की राशि गलत खातों में ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जनपद पंचायत स्तर पर बैंक खातों में सुधार के लिए मिले लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग किया। हितग्राहियों के वास्तविक बैंक खातों की जगह अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज कर दिया गया। इसके बाद योजना की राशि सीधे उन्हीं खातों में ट्रांसफर होती रही।

मामले का खुलासा तब हुआ जब जनपद पंचायत धमधा और पाटन में हितग्राहियों की शिकायतें पहुंचीं। 17 मई 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमधा ने थाना धमधा में और 19 मई 2026 को जनपद पंचायत पाटन ने थाना पाटन में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि थाना धमधा क्षेत्र के 44 हितग्राहियों की लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये और थाना पाटन क्षेत्र के 63 हितग्राहियों की करीब 12 लाख 60 हजार रुपये की राशि फर्जी खातों में ट्रांसफर की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तकनीकी जांच, बैंक दस्तावेजों और ऑनलाइन पोर्टल के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार यादव और लिलेश्वर यादव उर्फ रवि (26 वर्ष), निवासी ग्राम अकोला उड़िया बस्ती थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिकायत और जांच शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों ने कुछ राशि वापस जमा भी कर दी थी। आरोपी मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के जरिए रकम का संचालन कर रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन सिस्टम और अधिकृत लॉगिन एक्सेस का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से यह पूरी धोखाधड़ी की गई। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
आरोपी का विवरण :
1. दीपक कुमार यादव, निवासी जिला दुर्ग।
2. लिलेश्वर यादव उर्फ रवि, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अकोला वार्ड क्रमांक 06 उड़िया बस्ती थाना कुम्हारी जिला दुर्ग।
