जामुल नगर पालिका का 74 करोड़ से ज्यादा का बजट सर्वसम्मति से पारित, विकास कार्यों पर रहेगा फोकस
तालाब सौंदर्यीकरण, सीवरेज प्लांट, हाईमास्ट लाइट और खेल सुविधाओं समेत कई योजनाओं को मिली मंजूरी

भिलाई/जामुल। नगर पालिका जामुल की सामान्य सभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट सहित कुल 25 विषयों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने वार्षिक बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस वर्ष विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नगर पालिका द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार राजस्व आय के अंतर्गत संपत्ति कर, जलकर, सीवरेज कर, बार लाइसेंस शुल्क, चुंगी क्षतिपूर्ति, भवन किराया, उपयोगकर्ता शुल्क, राजस्व अनुदान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न मदों से कुल 8 करोड़ 21 लाख 11 हजार रुपए की आय का प्रावधान रखा गया है। वहीं पूंजीगत आय के तहत विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए केंद्र एवं राज्य शासन से 65 करोड़ 12 लाख 98 हजार रुपए तथा अन्य जमा राशियों सहित कुल 66 करोड़ 64 लाख 67 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है। इस तरह वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 74 करोड़ 75 लाख 43 हजार रुपए के व्यय का अनुमान रखा गया है। बजट में कर्मचारियों के वेतन-भत्ते, जीपीएफ, ईपीएफ, ईएसआईसी, विद्युत खर्च, रखरखाव और प्रशासनिक व्यय के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है।

इसके अलावा शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को भी शामिल किया गया है। नगर पालिका द्वारा तालाब सौंदर्यीकरण, पुष्प वाटिका, खेल मैदान, सर्व समाज मांगलिक भवन, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम उन्नयन, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सिटी ब्यूटीफिकेशन, उच्च स्तरीय जलागार, हाईमास्ट लाइट, ईवी चार्जिंग स्टेशन, लाइब्रेरी, टेनिस कोर्ट, स्टेडियम उन्नयन, सीसी रोड और नाली निर्माण जैसे कार्यों के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कबड्डी, बैडमिंटन और बास्केटबॉल जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया है। विभिन्न विकास कार्यों के लिए वित्त आयोग, सांसद निधि, विधायक निधि, अध्यक्ष निधि और पार्षद निधि से राशि खर्च की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि वित्तीय वर्ष के अंत में लगभग 10 लाख 36 हजार रुपए अधिशेष राशि रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना परिषद की प्राथमिकता है।
बैठक में नपा उपाध्यक्ष सुनीता चन्नेवार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमाकांत साहू पार्षदगण सबीहा खान, खम्हन ठाकुर, रेखराम बंछोर, सरोजनी चंद्राकर, दीपक गुप्ता, संजय देशलहरे, अश्वनी साहू, रामप्यारी वर्मा, कविता विश्वाल, रामदुलार साहू, के राजू, चुम्मन वर्मा, दुर्गा वैष्णव, तिलेश्वर देवांगन, अहिल्या वर्मा, शांति टंडन सहित उपअभियंता सचिन भागवत, मुख्य सचिव शिवाजी प्रसाद, राजस्व अधिकारी हरिश साहू, लोक निर्माण विभाग से रामु देवांगन, आशा जंघेल, मोहन वर्मा, शिवनंदन देवांगन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
