पोइला बैशाख पर भिलाई नगर कालीबाड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब
दिनभर पूजा-अर्चना, शाम को खिचड़ी भोग और संगीतमय संध्या ने बांधा समां





भिलाई। बंगाली नववर्ष पोइला बैशाख के पावन अवसर पर सेक्टर-6 स्थित भिलाई नगर कालीबाड़ी में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर रात तक निरंतर जारी रहीं। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां काली के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।

पूरे दिन भक्ति भाव से सराबोर वातावरण में विधिवत पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। मंदिर परिसर जय मां काली के जयकारों से गूंजता रहा। वहीं श्रद्धालुओं के चेहरों पर नववर्ष के स्वागत की विशेष खुशी और आस्था का भाव स्पष्ट झलक रहा था। लोग एक-दूसरे को बंगाली नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए प्रणाम करते और गले मिलते नजर आए।

संध्या होते ही आयोजन ने और भव्य रूप ले लिया। श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक खिचड़ी भोग की विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर अपने नववर्ष की शुरुआत को पवित्र बनाया। इस अवसर पर भिलाई नगर कालीबाड़ी को रंग-बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। जगमगाती झालरों, आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों की मनोहारी व्यवस्था ने पूरे परिसर को अलौकिक आभा से भर दिया। रात्रि में आयोजित म्यूजिकल नाईट ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। स्वर कोकिला आशा भोंसले की याद में उनके सदाबहार और हिट गीतों की प्रस्तुति ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। उपस्थित लोगों ने आशा भोंसले को श्रद्धांजिल अर्पित की।
