2 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपए का सामान जब्त

2 किलो से ज्यादा गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपए का सामान जब्त

भिलाई। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन विश्वास के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए स्मृति नगर चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो से अधिक गांजा समेत वाहन और अन्य सामान जप्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि जुनवानी स्थित इमली तालाब के पास एक व्यक्ति कार में गांजा रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

तलाशी में मिला गांजा
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 2.185 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

वाहन और मोबाइल भी जप्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सेंट्रो कार (CG 04 B 9230) और एक मोबाइल फोन भी जप्त किया है। जप्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख 71 हजार 50 रुपये आंकी गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला में धारा 20 (ख) NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार प्रजापति (40 वर्ष), निवासी आर्य नगर कोहका, दुर्ग के रूप में हुई है।