खारुन नदी ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार की मौके पर मौत

खारुन नदी ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार की मौके पर मौत

दुर्ग। खारुन नदी ब्रिज पर मेंटेनेंस के बाद यातायात शुरू होते ही बड़ा हादसा सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, काले रंग की पल्सर बाइक (MP65 ME 8516) पर सवार युवक ब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाईवा ट्रक (CG04 PQ 8262) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक तेज रफ्तार में था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए मार्ग खाली कराया। मृतक की तलाशी लेने पर उसकी पहचान आरिफ रजा मंसूरी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।