रात में ट्रक चालक से झपटमारी, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना पर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 9 अप्रैल की रात करीब 10:27 बजे ट्रक चालक डामन सलाम, जो भानुप्रतापपुर जा रहा था, ग्राम लोहरसी से फुंडा के बीच नहर नाली मोड़ के पास वाहन से नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसकी शर्ट की जेब से 2400 रुपये झपट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पाटन थाने में दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर 10 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और नगदी रकम भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी का नाम :
1. ऋषभ आग्नेकर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गोपेमुंडी थाना उतई जिला दुर्ग
2. चंद्रकुमार निषाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम छांटा थाना उतई जिला दुर्ग
