ज्वैलरी दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

ज्वैलरी दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी गए चांदी के जेवर और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी विनोद सोनी ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च को होली त्योहार के कारण उनकी दुकान बंद थी। 5 मार्च की सुबह दुकान पहुंचने पर पता चला कि रात में अज्ञात चोर ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर रखा चांदी और अन्य जेवर चोरी कर लिया है।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्राम बकसपुर निवासी 22 वर्षीय गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके पास से कांस की थाली, प्लेट, कटोरा, चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की चेन, चांदी के पायल और गिल्ट के टॉप्स समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।