नागपुर हिंसा में तीन डीसीपी समेत 33 पुलिसकर्मी घायल, 11 क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू

मुंबई। मुगल शासक औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर आंदोलन से भड़की हिंसा में तीन उपायुक्त (डीसीपी) समेत 33 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि पांच नागरिक भी जख्मी हुए हैं। हिंसा के बाद नागपुर के 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पुलिस ने पांच केस दर्ज कर 50 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण, पर नियंत्रण में है।
विधानसभा में पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए सोमवार को आंदोलन किया था। इस दौरान घास से बनी प्रतीकात्मक कब्र जलाई थी। अफवाह फैलाई गई कि कब्र के कपड़े पर धार्मिक पाठ लिखा हुआ था। मामले में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हिंसा को पूर्वनियोजित बताया। उन्होंने कहा, जिन्होंने कानून हाथ में लिया और पुलिस पर हमला किया, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नमाज के बाद करीब 250 लोगों की भीड़ आग लगा देंगे, के नारे लगाती हुई वहां पहुंची। पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया। उनकी शिकायत पर दोपहर 3:09 बजे केस दर्ज किया गया। कुछ ही समय में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शाम 7:30 बजे नागपुर के महाल क्षेत्र में हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया। दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी की। दो जेसीबी मशीन, एक क्रेन सहित अनेक गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।