खुर्सीपार में हथियार लहराकर राहगीरों को धमका रहे थे, पुलिस ने दबोचे नाबालिग और दो युवक

भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से कुल तीन धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार क्षेत्र में कुछ लोग धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे हैं और खुद को दबंग बताते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना खुर्सीपार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर भागने लगे, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम को देखकर संदिग्धों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोविन्द साहू (20), निवासी गणेश मंदिर के पास खुर्सीपार और सुरज कुमार कोठारी (19), निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी प्रकरण में संलिप्त पाया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों और घटनास्थल से तीन धारदार हथियार बरामद किए गए।
तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 382/2026, 383/2026 और 384/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण कायम किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
दहशत फैलाने के लिए हथियार लेकर घूमने का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूमते हुए खुद को दबंग बताकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने इसे क्षेत्र में दहशत और गुण्डागर्दी फैलाने की कोशिश बताया है।
