स्मृति नगर पुलिस ने 18 ग्राम हेरोइन, 6 मोबाइल और नशा सामग्री की जब्त, 3.5 लाख का माल बरामद

पंजाब से मंगाते थे 'चिट्टा', भिलाई-दुर्ग में बेचते थे नशा, 6 आरोपी गिरफ्तार

स्मृति नगर पुलिस ने 18 ग्राम हेरोइन, 6 मोबाइल और नशा सामग्री की जब्त, 3.5 लाख का माल बरामद

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सुपेला की चौकी स्मृति नगर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 6 मोबाइल फोन और नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(ख), 27 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब से हेरोइन मंगाकर अपने साथियों के जरिए भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर छह लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), छह मोबाइल फोन और नशा सेवन में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद हुई। सभी सामग्री को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा ने स्वीकार किया कि वह पंजाब से करीब 3,000 रुपये प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदकर लाता था और अपने साथियों की मदद से 6,000 रुपये प्रति ग्राम तक बेचता था। गिरोह युवाओं और नशे के आदी लोगों को निशाना बनाकर छोटे-छोटे पैकेट में मादक पदार्थ की सप्लाई करता था। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की जांच कर पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. गुरमीत सिंह रंधावा, उम्र 26 वर्ष, निवासी विवेकानंद नगर, कमलापति बिल्डर्स के पीछे, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
2. गगनदीप सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नालंदा स्कूल के पास, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
3. शुभम कुमार बैस, उम्र 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नालंदा स्कूल के पास, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
4. जी. विनित, उम्र 30 वर्ष, निवासी क्वार्टर नं. 23-एफ, सड़क नं. 28, सेक्टर-04, भिलाई, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग।
5. उत्तम सिंह उर्फ बॉबी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कैंप-02, चटाई क्वार्टर, गायत्री मंदिर के पास, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
6. अब्दुल कादिर, उम्र 34 वर्ष, निवासी एलआईजी-1/1203, प्रगति नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।