4 कोचिंग सेंटर सील, कई संस्थानों को नोटिस; भिलाई में सुरक्षा जांच के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

इमरजेंसी एग्जिट और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में मिली गंभीर खामियां, 24 घंटे का अल्टीमेटम

4 कोचिंग सेंटर सील, कई संस्थानों को नोटिस; भिलाई में सुरक्षा जांच के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

भिलाई। लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद दुर्ग जिला प्रशासन ने जिले के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। बुधवार से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आने पर प्रशासन ने 4 कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है, जबकि कई अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने भिलाई सहित जिले के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में सरप्राइज निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगहों पर इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की कमी पाई गई। दुर्ग जिले में करीब 150 से 200 कोचिंग सेंटर और ट्यूटोरियल संस्थान संचालित हैं। इनमें सबसे अधिक संस्थान भिलाई के न्यू सिविक सेंटर क्षेत्र में स्थित हैं, जहां 100 से ज्यादा कोचिंग सेंटर संचालित होने की जानकारी मिली है।

निरीक्षण के दौरान वेदांतु कोचिंग सेंटर, एबीएस फाउंडेशन, नीट-जेईई मास्टर, टाइम, लीगल एज, गोल, द इंग्लिश, कैड एकेडमी ग्रुप, केसीएस, रामा कोचिंग, मोशन, फ्लुएंसी, करियर नॉलेज सेंटर, कोटा स्टडी सर्किल, इम्पैक्ट स्टडी जोन, एस-टू-एस और लॉ प्रेप ट्यूटोरियल समेत अधिकांश संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर रामा कोचिंग, कैड एकेडमी मोशन, मोशन कोटा स्टडी सर्किल और वेदांतु कोचिंग सेंटर को सील कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।