खुले में शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों पर कार्रवाई, 55 प्रकरण दर्ज

दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। खुले में शराब सेवन, अड्डेबाजी और रात्रि के समय हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने 55 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस द्वारा 31 मई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों ने निगरानी रखी। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते, अड्डेबाजी करते और शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ 36(च) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार दर्ज 55 मामलों में सबसे अधिक 22 प्रकरण छावनी अनुविभाग में दर्ज किए गए। वहीं भिलाई नगर अनुविभाग में 18, दुर्ग अनुविभाग में 8 और धमधा अनुविभाग में 7 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
- खुले में शराब सेवन और अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान
- 36(च) आबकारी एक्ट के तहत 55 प्रकरण दर्ज
- छावनी में 22, भिलाई नगर में 18, दुर्ग में 8 और धमधा में 7 मामले
- शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक सघन पेट्रोलिंग
- हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त नजर
- पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।
