ऑनलाइन सट्टा मास्टरमाइंड गिरफ्तार, गांजा और शराब बरामद



भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। ऑनलाइन सट्टा संचालन के मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय मनिन्दर सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था और जगह बदल-बदलकर सट्टे का नेटवर्क चला रहा था।

इस मामले में 5 अप्रैल को पुलिस और ACCU टीम ने ग्राम खेदामारा नहर किनारे मैदान में दबिश देकर तीन आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरा नेटवर्क मनिन्दर सिंह संचालित कर रहा था, जो “BETBHAI 9” लिंक के जरिए सट्टा चलाता था। इसके बाद पुलिस ने 7 अप्रैल को आरोपी के घर पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान सट्टा संचालन से जुड़े मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज के साथ बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस को आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 650 ग्राम गांजा और 35 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब मिली है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी का नाम
1. मनिन्दर सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी लेबर कैम्प वार्ड क्रमांक 08, जामुल
