दुर्ग जिले में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का कहर, 200 की मौत, 150 को मारकर दफनाया, फार्म सील

दुर्ग जिले में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का कहर, 200 की मौत, 150 को मारकर दफनाया, फार्म सील

दुर्ग से एक गंभीर खबर सामने आई है। यहां अफ्रीकन स्वाइन फीवर ने बड़ा नुकसान किया है। जिले के नारधा-मुड़पार गांव स्थित एक सूअर फार्म में इस खतरनाक वायरस की वजह से 200 से ज्यादा सूअरों की मौत हो गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और बचे करीब 150 सूअरों को इंजेक्शन देकर मारकर वैज्ञानिक तरीके से दफना दिया।

बताया जा रहा है कि 29 मार्च को सैंपल लिए गए थे। 1 अप्रैल से मौत का सिलसिला शुरू हुआ और 6 अप्रैल तक फार्म के ज्यादातर सूअर मर चुके थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पशुपालन विभाग की टीम पीपीई किट पहनकर मौके पर पहुंची और पूरे फार्म को सील कर दिया गया।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अफ्रीकन स्वाइन फीवर बेहद खतरनाक बीमारी है। इसमें सूअरों की मौत की दर लगभग 100 प्रतिशत होती है। अभी तक इसका कोई इलाज या वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। हालांकि राहत की बात ये है कि यह बीमारी इंसानों में नहीं फैलती, लेकिन संक्रमित मांस खाने से बचने की सलाह दी गई है। यह फार्म इलाके में पोर्क सप्लाई का बड़ा केंद्र था। इसलिए प्रशासन अब आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी कर रहा है और अन्य जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।