पुलिस कैंप पर नक्सली हमला

दागे गए ग्रेनेड लॉन्चर से 4 जवान घायल

पुलिस कैंप पर नक्सली हमला

बीजापुर। बीजापुर रविवार देर रात कुटरू थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने पुलिस कैंप पर हमला कर दिया। नक्सलियों ने कैंप पर 10 से ज्यादा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर दागे। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ में 4 जवान घायल हुए हैं। इनमें से प्रधान आरक्षक टुकेश्वर ध्रुव और प्रधान आरक्षक जितेंद्र मंडा को रायपुर रेफर किया गया है। जबकि 2 को उपचार के लिए बीजापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
जानकारी के मुताबिक, कुटरू इलाके के दरभा में सीएफ 4 थी बटालियन का कैंप है। यह इलाका पूरी तरह से माओवादियों का गढ़ माना जाता है। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद माओवादियों ने पुलिस कैंप को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। जवानों के कैंप पर नक्सली लगातार गे्रनेड दागते रहे। जवानों ने भी जवाब दिया। वहीं गोलियों की आवाज सुनकर बैरक में सोए जवान भी जाग गए और फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधा घंटे तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली अंधेरे का फायदा उठा जंगल की ओर भाग निकले हैं। इस मुठभेड़ में 2 सीएफ और 2 जिला पुलिस बल के जवान घायल हुए हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके की सर्चिंग बढ़ा दी गई है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा 2 जवानों को रायपुर के राम कृष्ण अस्पताल में इलाज के हेलिकॉप्टर के माध्यम से ले जाया गया है। दोनों जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है। अन्य दो जवानों का बीजापुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।