सोने की खदान में भूस्खलन से 12 लोगों की मौत, कई मिट्टी में दबे

सोने की खदान में भूस्खलन से 12 लोगों की मौत, कई मिट्टी में दबे

जकार्ता। कई दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर बड़ा हादसा सामने आया है। यहां सुलावेसी द्वीप पर मूसलाधार बारिश की वजह से एक अवैध सोने की खदान में भूस्खलन हो गया। भूस्खलन की वजह से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 18 लोगों का फिलहाल कुछ पता नहीं लगा।

अधिकारियों ने लोगों की तलाश के लिए राष्ट्रीय बचाव दल, पुलिस और सैन्यकर्मियों समेत 164 कर्मचारियों को तैनात किया है। वहीं, बचाव कर्मचारियों को भूस्खलन स्थल तक पहुंचने के लिए करीब 20 किलोमीटर यानी 12.43 मील का रास्ता तय करना पड़ रहा है। 

गोरोनटालो प्रांत के सुमावा जिले में रविवार सुबह हुए भूस्खलन में खनिकों और अवैध खदान के पास रहने वाले निवासियों की मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे में मिट्टी के नीचे दबे पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, बचाव दल सोमवार को 18 लापता लोगों की तलाश कर रहा है।