स्कूल नहीं गईं, तालाब में नहाने पहुंचीं तीन सहेलियां, डूबने से मौत

स्कूल नहीं गईं, तालाब में नहाने पहुंचीं तीन सहेलियां, डूबने से मौत

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद खोजबीन की गई, जहां एक बच्ची का शव पानी में तैरता मिला। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद अन्य दोनों बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए।

मृत बच्चियों की पहचान इंदु अगरिया (7), पिता दुर्जन, राखी (8), पिता मलखम और साधना (8), पिता सुखसिंह के रूप में हुई है। तीनों नुनेरा गांव की रहने वाली थीं और कक्षा पहली में पढ़ती थीं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बच्चियों के परिजन काम पर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों सहेलियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में गांव के तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन घर लौटे तो बच्चियां घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई।

तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब के पास पहुंचा। वहां मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इसी दौरान पानी में इंदु का शव तैरता नजर आया। ग्रामीण ने तत्काल परिजनों और अन्य लोगों को सूचना दी। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी होगी। उसे बचाने के प्रयास में दोनों अन्य बच्चियां भी पानी में उतर गईं और तीनों हादसे का शिकार हो गईं। हालांकि घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। एक बच्ची का शव पानी में तैरता मिला, जिसके बाद बाकी दोनों की तलाश शुरू की गई। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद नुनेरा गांव में मातम पसरा हुआ है। तीन मासूम सहेलियों की एक साथ मौत से गांव में शोक का माहौल है।