भिलाई बचाने सड़क पर उतरेंगे विधायक, कल से घर-घर जनसंपर्क अभियान

सेक्टर-2 से शुरू होगा अभियान, नोटिस पाने वाले परिवारों से करेंगे मुलाकात। टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल और मैत्री बाग को बचाने की लड़ाई को देंगे जनआंदोलन का स्वरूप

भिलाई बचाने सड़क पर उतरेंगे विधायक, कल से घर-घर जनसंपर्क अभियान

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल और मैत्री बाग के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव मंगलवार से घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। अभियान की शुरुआत सेक्टर-2 से होगी, जहां वे नोटिस प्राप्त परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और भिलाई की बसाहट बचाने के लिए जनसमर्थन जुटाएंगे।

विधायक देवेंद्र यादव का कहना है कि बीएसपी प्रबंधन ने पहले सेक्टर-9 अस्पताल को न बेचने और न ही किसी निजी संस्था को लीज पर देने का आश्वासन दिया था। इसके साथ ही टाउनशिप और मैत्री बाग की मूल बसाहट को सुरक्षित रखने की बात भी कही गई थी। उनका आरोप है कि छह महीने बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में टाउनशिप के कई परिवारों को नोटिस मिलने से लोगों में असुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे सभी परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी राय ली जाएगी और इस मुद्दे पर व्यापक जनसमर्थन तैयार किया जाएगा।

देवेंद्र यादव ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाएगा। उनका कहना है कि भिलाई केवल एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए लोगों की साझा संस्कृति, वर्षों की बसाहट और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस लड़ाई को हर स्तर तक ले जाया जाएगा।