ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, फेयर प्ले आईडी से सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
छावनी थाना पुलिस ने की कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग जिले के थाना छावनी पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल के जरिए आईपीएल फाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 32 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैंप-2 स्थित कसाई मोहल्ला में कुछ युवक आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन दांव लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर छावनी पुलिस ने नहर किनारे कुएं के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आतीश गौर (30 वर्ष) निवासी सर्कुलर मार्केट, कैंप-2 भिलाई तथा नियाज अहमद (40 वर्ष) निवासी प्रकाश आटा चक्की के पास, कैंप-2 भिलाई के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नथिंग, वीवो, मोटोरोला और लावा कंपनी के कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी "फेयर प्ले" नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की आईडी के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा खेलते और खिलाते थे। सट्टे का पूरा हिसाब-किताब व्हाट्सएप पर रखा जाता था तथा मुनाफे की राशि आपस में बांट ली जाती थी। आरोपी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड मोबाइल से डिलीट भी कर देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा 12 एवं बीएनएस के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जब्त सामग्री
नथिंग कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये)
वीवो कंपनी का मोबाइल (कीमत 12,000 रुपये)
मोटोरोला कंपनी का मोबाइल (कीमत 8,000 रुपये)
लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल (कीमत 2,000 रुपये)
गिरफ्तार आरोपी
आतीश गौर (30 वर्ष), कैंप-2 भिलाई
नियाज अहमद (40 वर्ष), कैंप-2 भिलाई
अपराध क्रमांक: 365/2026
धारा: छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 12, बीएनएस।
