मार्केट में शराब दुकान खोलने के फैसले पर भड़के पार्षद, कानून व्यवस्था पर असर की आशंका

भिलाई। नगर निगम के एमआईसी सदस्य और सेक्टर-6 के पार्षद साकेत चन्द्राकर ने छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी विभाग द्वारा सेक्टर-6 ए मार्केट में शराब दुकान खोलने के निर्णय की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस फैसले पर आश्चर्य जताते हुए इसे जनहित के खिलाफ बताया।

चन्द्राकर ने कहा कि ए मार्केट भिलाई नगर टाउनशिप का प्रमुख और सबसे व्यस्त बाजार है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे पारिवारिक माहौल वाले क्षेत्र के बीच शराब दुकान खोलना अनुचित और अव्यावहारिक कदम है।

उन्होंने आशंका जताई कि इस फैसले से बाजार में अव्यवस्था बढ़ेगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। साथ ही, आसपास के व्यापारियों के कारोबार पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ने की बात कही।
पार्षद ने यह भी कहा कि क्षेत्र के खाली मैदानों और जर्जर भवनों में पहले से असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से नशाखोरी और आपत्तिजनक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पूरे इलाके का सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यह निर्णय भविष्य में सेक्टर-6 की कानून व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। चन्द्राकर ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि राज्य को शराब दुकानों की संख्या बढ़ाने के बजाय स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए।
