प्रकाश गेडाम द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में सुविधाओं के खोखले दावे, तरसना पड़ रहा एक कप चाय के लिए

बुजुर्गों ने संचालक द्वारा ध्यान नहीं देने का लगाया आरोप

प्रकाश गेडाम द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में सुविधाओं के खोखले दावे, तरसना पड़ रहा एक कप चाय के लिए

भिलाई। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश गेडाम द्वारा सेक्टर-8, ब्लाक-5, सड़क-31 में संचालित वृद्ध आश्रम में सुविधाओं के दावे इसके विपरीत है। यहां रह रहे वृद्धों को कई परेशानियों का सामना  करना पड़ रहा है। माह में एक बार राशन आता है वह भी करीब 10 से 15 दिन चलता है। बाकी बचे हुए दिनों में करीब खाली पेट ही सोना पड़ता है। यहां रहे रहे बुजुर्गों की हालत काफी दयनीय है। अपने पीड़ा बताते हुए वहां रह रहे बुजुर्गों के आसुं छलक पड़े। वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
वृद्धाश्रम में रह रहे अवधुत बघेल, शांति देवी, नानुराम यादव, प्रवीर कुमार, एमएम यादव ने क्राइम डॉन को बताया कि प्रकाश गेडाम द्वारा संचालित सेक्टर-8, ब्लाक-5, सड़क-31 में संचालित वृद्धाश्रम में करीब 15 लोग रहते हैं। प्रकाश गेडाम द्वारा सेक्टर-2 में भी एक वृद्धाश्रम संचालित है। सेक्टर-8 के वृद्धाश्रम को करीब 9 माह पहले शुरू किया गया था। शुरू-शुरू में सब कुछ ठीक ठाक था लेकिन समय के साथ-साथ सुविधाओं की कमी होती चली गई। वर्तमान में स्थिति ऐसी है कि यहां रह रहे लोगों को एक कप चाय के लिए तरसना पड़ रहा है। खाने के लिए चावल  और आटा तो है लेकिन सब्जी नहीं। दाल भी ऐसे बनाने के आदेश है कि पानी से भी पतला हो।  स्थिति काफी दयनीय हो गई है। एक लीटर तेल से महीना चलाना है। न नहाने का साबुन है और न ही कपड़े धोने का। संचालक को कई बार इसकी शिकायत की गई है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कोई दानदाता यहां आकर अगर कुछ खाने पीने का सामान या पैसा देकर जाता है तो संचालक द्वारा उसे भी ले लिया जाता है। शांति देवी (उम्र करीब 80 वर्ष) ने बताया कि वे हार्ट पेशेंट है। बीपी शुगर की मरीज है। शरीर में दर्द होने के कारण ठीक से खड़ी भी नहीं हो पाती। कोई बाबरची नहीं होने के कारण मजबूरन दूसरे लोगों के लिए भोजन पकाना पड़ता है। वहीं वहां रहे नानुराम यादव ने बताया कि शांति देवी की तबीयत बहुत खराब रहती है। कोई भोजन पकाने वाला नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

प्रति व्यक्ति मिलता है 20 रुपए, कैसे मेन्टेन करूं:प्रकाश गेडाम
वहीं इस विषय में चर्चा करने पर वृद्धाश्रम के संचालक प्रकाश गेडाम ने बताया कि उन्हें प्रशासन से प्रति व्यक्ति 20 रुपए रोज और बाबरची के लिए 3 हजार रुपए माह मिलता है। 20 रुपए में कैसे मेन्टन करूं। बाबरची भी महिने का 10 हजार रुपए मांगता है। ऐसे में वृद्धाश्रम के संचालन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा बीएसपी के सेवानिवृत्त लगभग 15 वृद्ध आश्रम में रहते हैं,जबकि उनके परिवार के सदस्य इस्पात संयंत्र में कार्यरत हैं,फिर भी उन्हें यहां छोड़ गये हैं।