पशु तस्करी पर कार्रवाई, क्रूरता से ठूंसे मवेशियों के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

पशु तस्करी पर कार्रवाई, क्रूरता से ठूंसे मवेशियों के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मवेशियों को पिकअप वाहन में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर ले जा रहे थे।

मामला 11 अप्रैल की रात का है, जब पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरता से बांधकर अम्बिकापुर से राजपुर होते हुए झारखंड के गुमला ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर अंबिकापुर रोड पर वाहन को रोका। पूछताछ में चालक और वाहन मालिक ने पहले भ्रामक जानकारी दी, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आ गई। जांच में पता चला कि वाहन में 2 गाय और 2 बछिया को जयनगर (सूरजपुर) से गुमला ले जाया जा रहा था। सभी मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से बांधकर परिवहन किया जा रहा था।

पुलिस ने वाहन सहित मवेशियों को जप्त कर लिया और दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता एवं संबंधित अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

आरोपी

1. वाहन स्वामी संदीप बड़ाईक, पिता चमन बड़ाईक, उम्र 27 वर्ष, निवासी टांगरझरिया थाना बसिया जिला गुमला (झारखण्ड)

2. चालक संदीप साहू, पिता सोमरा, उम्र 25 वर्ष, निवासी सुरसुरिया थाना गुमला जिला गुमला (झारखण्ड)