वेतन वृद्धि को लेकर कर्मचारियों का बवाल, प्रदर्शन हिंसक, पुलिस पर पथराव

वेतन वृद्धि को लेकर कर्मचारियों का बवाल, प्रदर्शन हिंसक, पुलिस पर पथराव

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।

फेज-2 इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पिछले तीन-चार दिनों से जारी यह प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। कर्मचारी सैलरी 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने, ओवरटाइम भुगतान और छुट्टियों के अलग प्रावधान की मांग कर रहे हैं।

कुलेसरा से फेज-2 तक मार्च निकालते हुए बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटे। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों के सामने लेटकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। सेक्टर 60 में भी कर्मचारियों ने सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की। वहीं फरीदाबाद के सेक्टर-37, सराय ख्वाजा इलाके में 500 से ज्यादा कर्मचारी कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश जारी है।