देवार पारा में चल रहा था गांजा का धंधा, पुलिस की दबिश में 2.5 किलो माल के साथ आरोपी गिरफ्तार
खुर्शीपार में सघन चेकिंग के दौरान कार्रवाई, बिक्री की नगदी भी बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्शीपार थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवार पारा इलाके से गांजा बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 50 ग्राम गांजा और नगदी राशि बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देवार पारा चौक के पास अवैध रूप से गांजा बिक्री की सूचना मिलने पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदेही व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास एक थैले में भारी मात्रा में गांजा मिला।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद देवार (52 वर्ष), निवासी मछली मार्केट देवार पारा, खुर्शीपार बताया और अवैध बिक्री के लिए गांजा रखना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो 50 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपए आंकी गई है, और बिक्री की नगदी 400 रुपए बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
