सुपेला लक्ष्मी मार्केट में गांजा बेचते युवक पकड़ा गया, 2.25 किलो मादक पदार्थ जब्त

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा और एक महंगा मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्ष्मी मार्केट स्थित कचरा मैदान में बिजली ट्रांसफार्मर के पास एक युवक सफेद बोरी में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ साखरे उर्फ सोनू (20 वर्ष) निवासी अंबेडकर नगर, वार्ड-11 भिलाई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो 250 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है, और एक आईफोन 12 प्रो मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा था।
