अवैध शराब और पशु तस्करी पर बड़ा एक्शन, 3 वाहन राजसात


भिलाई। अवैध शराब परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए तीन वाहनों को राजसात करने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक थाना जामुल और थाना रानीतराई क्षेत्र में दर्ज अलग-अलग प्रकरणों में इन वाहनों का उपयोग अवैध गतिविधियों में किया गया था। इन मामलों में पुलिस ने पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहनों को जब्त कर लिया था। पहला मामला थाना जामुल का है, जहां वर्ष 2021 में एक आइसर वाहन क्रमांक सीजी-07 बीएस 1180 में अवैध शराब का परिवहन करते हुए आरोपी को पकड़ा गया था।

इसके अलावा वर्ष 2024 में जामुल क्षेत्र में एक पिक-अप वाहन क्रमांक सीजी 07 सीएन 2670 और रानीतराई क्षेत्र में एक अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक यूपी 11 सीटी 5490 में मवेशियों की तस्करी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन सभी प्रकरणों में दुर्ग पुलिस ने विधिवत प्रतिवेदन तैयार कर वाहनों के राजसात की अनुशंसा की थी। मामले की सुनवाई के बाद जिलाधीश दुर्ग ने तीनों वाहनों को राजसात करने का आदेश पारित किया।
