धान खरीदी में पंजीयन घोटाला, दो कर्मचारी सस्पेंड, 2 के खिलाफ अपराध दर्ज

धान खरीदी में पंजीयन घोटाला, दो कर्मचारी सस्पेंड, 2 के खिलाफ अपराध दर्ज

रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया में पंजीयन घोटाला सामने है। यहां सहकारी समिति के कर्मचारियों ने ऐसे किसानों का नाम धान बेचने वालों की सूची में रजिस्टर कर लिया जिनके पास खेती की जमीन ही नहीं है। प्रशासन ने शुरुआती जांच के बाद दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं दो लोगों पर अपराध दर्ज कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के धान खरीदी केन्द्र कोरबी में धान खरीदी में अनियमितता का मामला पकड़ में आया है। सेवा सहकारी समिति कोरबी में फर्जी पंजीयन की शिकायत मिली थी। कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने अनुविभागीय अधिकारी कमलेश नंदिनी साहू, उप पंजीयक उमेश गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय, भू-अभिलेख शाखा के सहायक अधीक्षक विनय पटेल ने शिकायत की जांच सौंपी। जांच में शिकायत सही पाई गई। उसके बाद कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एस.के. जोगी और धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी सह ऑपरेटर विकास सिंह को निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराया है। फर्जी पंजीयन कराने वाले पूजा अग्रवाल और जितेन्द्र अग्रवाल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराया है। प्रशासन की ओर से कहा गया, धान खरीदी में किसी भी तरह की अफरा-तफरी की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी हो रही है। धान खरीदी की व्यवस्था की शिकायत से लेकर फर्जी पंजीयन, अवैध धान के विक्रय एवं अन्य गड़बडिय़ों की जांच-पड़ताल के लिए अनुभाग स्तर पर चार जांच दल गठित किए गए हैं।