केरल में ईडी रेड पर बवाल: पुलिस और ईडी के अधिकारियों पर हमला

केरल में ईडी रेड पर बवाल: पुलिस और ईडी के अधिकारियों पर हमला

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बुधवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की कार्रवाई के विरोध में सीपीआई(एम) कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। मामला पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के आवास से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ यानी सीएमआरएल मामले में केरल के करीब 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। इसी कड़ी में तिरुवनंतपुरम स्थित पिनाराई विजयन के बेकरी जंक्शन इलाके वाले आवास पर भी जांच की गई।

बताया जा रहा है कि ईडी अधिकारी जब तलाशी पूरी कर आवास से बाहर निकल रहे थे, तभी बड़ी संख्या में मौजूद सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ईडी अधिकारियों के वाहनों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी की तीन गाड़ियों पर पथराव किया और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार सुबह जैसे ही ईडी की टीम तलाशी के लिए पहुंची, उसी समय से पार्टी कार्यकर्ता आवास के बाहर जमा होना शुरू हो गए थे। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कुछ लोगों ने मुख्य गेट के जरिए परिसर में घुसने की कोशिश भी की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, ईडी की जांच के दायरे में वीणा विजयन और राज्य के पूर्व मंत्री व दामाद पीए मोहम्मद रियास का नाम भी शामिल है। एजेंसी ने इनके आवासों समेत कई अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर केरल की राजनीति गरमा गई है। सीपीआई(एम) ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बताया है, जबकि एजेंसी जांच को नियमों के तहत की गई कार्रवाई बता रही है।