खुद को गृह मंत्री का OSD बताकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

खुद को गृह मंत्री का OSD बताकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपी पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 25 मई 2026 को दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम खुर्सीपार में क्रिकेट मैच आयोजित था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह खिलाड़ियों के बीच पहुंचा और खुद को माननीय गृह मंत्री का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसने खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए डराने-धमकाने की कोशिश की।

मामले में जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 42/102/2026 के तहत धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी सर्वेश सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी नेताजी चौक लिंक रोड थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर खिलाड़ियों पर रौब जमाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था।

▪️आरोपी का विवरण :

1. सर्वेश सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)