कक्षा 5वीं तक अंग्रेजी में पढ़ाई, होगी 33 हजार शिक्षकों की भर्ती

कक्षा 5वीं तक अंग्रेजी में पढ़ाई, होगी 33 हजार शिक्षकों की भर्ती

रायपुर। विधानसभा बजट सत्र दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में बड़ी घोषणा की। बुधवार को अपने विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि, प्रदेश के 25 हजार स्कूलों में अंग्रेजी में पढ़ाई शुरू होगी। पहली कक्षा से पांचवीं तक अंग्रेजी में पढ़ाई होगी। इसके लिए 33 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, आत्मानंद स्कूल योजना के नाम पर कांग्रेस सरकार ने केवल करप्शन किया।

251 पुराने भवनों पर 800 करोड़ खर्च कर दिए। कांग्रेस ने विद्या को बाजार बनाने की कोशिश की। इस पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा- भर्ती लोकसभा चुनाव के पहले होगी या बाद में। इस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- चुनाव से पहले भर्ती के संबंध में विज्ञापन आ जाएगा। इसके अलावा बृजमोहन अग्रवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि, सभी सरकारी स्कूलों की छात्राओं को साइकिल दी जायेगी। स्कूलों में पहली क्लास योग और अध्यात्म की होगी। हर शनिवार को सभी स्कूलों में एक घंटे खेल का सत्र होगा।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि, स्कूलों में खेल सामाग्री गुणवत्ता वाली उपलब्ध कराई जाएगी। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हम कल्चर कनेक्ट योजना लायेंगे, अयोध्या, तिरुपति और पुरी में छत्तीसगढ़ धाम बनाएंगे। मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को एक लाख रुपये देंगे। सिंधु दर्शन के लिए 25 हजार देंगे। बस्तर दशहरा में काम करने वाली मांझियों को 2500 रूपये, चालकी को दो हजार रुपए देने की घोषणा भी श्री अग्रवाल ने की। इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ में भारत भवन बनाने का भी ऐलान किया।