निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला युवक का शव, मौके पर पहुंचे भाई ने सामान में लगाई आग

सुपेला के दक्षिण गंगोत्री इलाके में सनसनी, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार

निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला युवक का शव, मौके पर पहुंचे भाई ने सामान में लगाई आग

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के दक्षिण गंगोत्री इलाके में मंगलवार को एक निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के भीतर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संजय मनहारे के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार संजय मनहारे सुपेला के भीम नगर क्षेत्र का रहने वाला था और उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह नशे का आदी था। मंगलवार दोपहर भवन के ग्राउंड फ्लोर पर उसका शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 

सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि युवक की मौत नशे की हालत में गिरने या किसी अन्य कारण से हुई हो सकती है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। मृतक के भाई संतोष मनहारे ने मौके पर मौजूद संजय के कुछ सामान और दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। पुलिस अब इस पूरे मामले के साथ-साथ सामान जलाने की घटना की भी जांच कर रही है।