वैशालीनगर में सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, सहयोगी आरोपी संतोष शर्मा गिरफ्तार

वैशालीनगर में सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, सहयोगी आरोपी संतोष शर्मा गिरफ्तार

भिलाई। जिले में सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत वैशालीनगर पुलिस को एक और सफलता मिली है। कल्याण और राजधानी नामक सट्टा गेम में संलिप्त एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जवाहर नगर पुलिया के पास कुछ लोग अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर अवैध सट्टा खेल रहे हैं और दूसरों को भी खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक आरोपी को मौके से पकड़ा। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मामले में शामिल एक और आरोपी की पहचान संतोष शर्मा उर्फ संतन (40 वर्ष), निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कैलाशनगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने 19 अप्रैल को उसे विधिवत गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से सट्टा संचालन में उपयोग किया जा रहा एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से सट्टा गतिविधियों में संलिप्त था और अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था।

पूरे प्रकरण में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।