नो-एंट्री तोड़कर शहर में घुसे भारी वाहन, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने 15 पर काटा चालान

नो-एंट्री तोड़कर शहर में घुसे भारी वाहन, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने 15 पर काटा चालान

दुर्ग। नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन कर शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ दुर्ग यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विशेष जांच अभियान चलाकर 15 भारी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 7 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे दुर्ग से नेहरू नगर की ओर आने वाले मार्ग पर यातायात पुलिस ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान नो-एंट्री समय में शहर में प्रवेश कर रहे भारी वाहनों को रोककर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि सुबह के समय शहर में आम नागरिकों, विद्यार्थियों और कार्यालयीन कर्मचारियों का आवागमन ज्यादा रहता है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय तय किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहती है। इसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे तक सीमित समय के लिए प्रवेश की अनुमति दी जाती है, जबकि दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक फिर से नो-एंट्री लागू रहती है।