इंजीनियरिंग पार्क रोड पर गांजा बेचते दो युवक गिरफ्तार, ₹95 हजार का गांजा बरामद

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने इंजीनियरिंग पार्क रोड पर गांजा बिक्री की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.90 किलोग्राम अवैध गांजा जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक इंजीनियरिंग पार्क रोड के पास गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू, उम्र 23 वर्ष और रविन्द्र कुमार, उम्र 24 वर्ष, दोनों निवासी खुर्सीपार, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 1.90 किलो गांजा बरामद हुआ।
मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत धारा 20(ख) और 27(क) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।