अशोका बिरियानी के प्रबंधकों के खिलाफ अपराध दर्ज, मृतकों के आश्रितों को 15-15 लाख मुआवजा, हर माह 15-15 हजार रुपए भी देने होंगे

रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में अशोका बिरयानी सेंटर में 2 कर्मचारियों की मौत का मामला 37 घंटे बाद सुलझ गया। शुक्रवार को शुरू आंदोलन शनिवार सुबह करीब 4 बजे समाप्त हो गई। अशोका बिरयानी सेंटर प्रबंधन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एमडी केके तिवारी, CEO सनाया तिवारी, GM रोहित चंद समेत ब्रांच मैनेजर रोमिना मंडल पर नामजद FIR दर्ज की है।

प्रदर्शन शुक्रवार दोपहर 11 बजे से शनिवार सुबह साढ़े 4 बजे तक चला। शुक्रवार की शाम को 9 बजे के करीब रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठ गए। करीब 3 घंटे बाद धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम भी लगातार उन्हें समझाती रही, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए।

होटल में लाश के साथ प्रदर्शन कर रहे मृतकों के परिजन के बीच आधी रात को गृहमंत्री विजय शर्मा पहुंचे। उन्होंने परिजनों को होटल मालिक समेत प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने अशोका बिरयानी के मालिक समेत चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। इसके साथ ही अशोका बिरयानी प्रबंधन दोनों कर्मचारियों के परिजन को 15-15 लाख रुपए मुआवजा देगा। आजीवन 15-15 हजार रुपए महीने गुजारा भत्ता भी देना होगा। इसके बाद परिजन शनिवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे लाश को लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव रवाना हो गए।