नीट पेपर लीक पर भड़के विधायक देवेंद्र यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
भिलाई में छात्रों से मुलाकात के बाद बोले विधायक, टूट रहा है युवाओं का भरोसा

भिलाई। नीट परीक्षा में पेपर लीक और कथित गड़बड़ियों को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य और भरोसा दोनों टूट रहे हैं। विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि वे भिलाई के एक कोचिंग संस्थान पहुंचे थे, जहां नीट की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने पेपर लीक और री-एग्जाम को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। विधायक ने छात्रों के अनुभवों का वीडियो भी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया है।

उन्होंने बताया कि एक छात्र ने कहा कि उसे पूरा भरोसा था कि वह परीक्षा अच्छे अंकों से पास कर लेगा, लेकिन पेपर लीक और री-एग्जाम की खबर के बाद उसका आत्मविश्वास टूट गया। छात्र ने कहा कि पहले वह 15 से 18 घंटे पढ़ाई करता था, लेकिन अब पढ़ाई में मन नहीं लग रहा है। वहीं एक छात्रा ने कहा कि पेपर लीक से मेहनत पर पानी फिर गया, लेकिन वह हार नहीं मानेगी और दोबारा तैयारी करेगी। हालांकि उसे डर है कि कहीं फिर से परीक्षा में गड़बड़ी न हो जाए।

विधायक ने कहा कि छात्रों के मन में यह डर बैठ गया है कि सालों की मेहनत के बाद भी परीक्षा प्रक्रिया सुरक्षित नहीं है। उन्होंने एक ऐसे छात्र का जिक्र भी किया, जिसके माता-पिता ने जमीन बेचकर उसकी कोचिंग फीस भरी थी। छात्र भिलाई में रहकर तैयारी कर रहा था, लेकिन अब पेपर लीक के बाद वह पूरी तरह निराश हो चुका है। देवेंद्र यादव ने कहा कि देश के युवा सरकार की ओर देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामले में बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है और केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
