हैवान पति की साजिश, डेढ़ करोड़ के लिए सिपाही पत्नी और बेटे की हत्या, कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां… फिर जिंदा जलाया

हैवान पति की साजिश, डेढ़ करोड़ के लिए सिपाही पत्नी और बेटे की हत्या, कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां… फिर जिंदा जलाया

उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जो रिश्तों पर सवाल खड़े कर देती है।  यह मामला एक महिला सिपाही और उसके दो साल के मासूम बेटे की मौत का है। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन अब जो सच सामने आया है, वह बेहद खौफनाक है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। इस साजिश का मास्टरमाइंड खुद महिला सिपाही का पति दान सिंह निकला।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी लता और बेटे को मारने के लिए पहले से पूरी प्लानिंग कर रखी थी। वह उन्हें घुमाने के बहाने नैनीताल ले गया। वापसी में बाजपुर के पास उसने कार रोकी और कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पत्नी और बेटे को पिला दी। जैसे ही दोनों बेहोश हुए, आरोपी ने काशीपुर रोड पर कार को डंपर से टकरा दिया, ताकि मामला एक्सीडेंट लगे। इसके बाद अपने साथियों को बुलाकर कार पर पेट्रोल डलवाया और आग लगा दी। इस खौफनाक साजिश में मासूम बेटा कार के अंदर ही जिंदा जल गया। वहीं, लता किसी तरह बाहर निकल आई, लेकिन आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा। उसे पानी से भरे गड्ढे में डुबाने की कोशिश की गई।

जब लोगों की भीड़ जुटने लगी और प्लान फेल होता दिखा, तो आरोपी ने नया खेल खेला। एंबुलेंस बुलाने की बजाय पत्नी को दूसरी कार में बैठाकर अस्पताल ले जाने का दिखावा किया। लेकिन रास्ते में ही हथौड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पति दान सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश के पीछे डेढ़ करोड़ रुपये की सरकारी मदद पाने का लालच था। आरोपी को उम्मीद थी कि पत्नी की मौत के बाद उसे यह रकम मिल जाएगी।