खुर्सीपार में धारदार हथियार से दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार इलाके में धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को निशाना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रिंस कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की और धारदार हथियार दिखाकर डराया-धमकाया। घटना 5 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
मामले में थाना खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान कर 6 अप्रैल को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में नागेश उर्फ तेजेश्वर राव (22) और बी. सागर (24) शामिल हैं, जो खुर्सीपार के ही निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आरोपी का नाम :
1. नागेश उर्फ तेजेश्वर राव, उम्र 22 वर्ष, निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार
2. बी. सागर, उम्र 24 वर्ष, निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार
