आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित और 1.60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने वाला फरार आरोपी पकड़ा गया

तीन आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित और 1.60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने वाला फरार आरोपी पकड़ा गया

जांजगीर। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और 1 करोड़ 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पिछले 8 माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सतीश सोनवानी को सिटी कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार पेंड्री गांव के रहने वाले अमन कौशिक ने आत्महत्या की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि अमन कौशिक ने चार लोगों सतीश सोनवानी, अनुराग राठौर, अंशुल गुहा और ऋषि चौहान को 1.60 करोड़ रुपये की बड़ी रकम उधारी में दी थी। जब काफी समय बीतने के बावजूद उक्त आरोपियों ने रकम नहीं लौटाई, तो मानसिक तनाव में आकर अमन ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान उसकी बिलासपुर के अस्पताल में मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पूर्व में तीन आरोपियों अनुराग राठौर, अंशुल गुहा और ऋषि चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी सतीश सोनवानी फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के मुंबई में छिपे होने की जानकारी जुटाई और एक विशेष टीम को रवाना किया गया। पुलिस की टीम मुंबई में दबिश देकर सतीश सोनवानी को गिरफ्तार कर उसे जांजगीर लाकर न्यायालय में पेश किया।