बैटरी चोर गैंग का भंडाफोड़: सुनसान में खड़े ट्रेलरों को बनाते थे निशाना, 3 अपचारी बालक पकड़े गए

भिलाई। सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रेलरों से बैटरी चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दो एक्साइड कंपनी की बैटरियां बरामद कर जप्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को ट्रेलर चालक मंजीत सिंह ने थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर खड़े उसके ट्रेलर क्रमांक CG 07 BG 3995 से अज्ञात चोर दो एक्साइड बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में तीन अपचारी बालकों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों बैटरियां बरामद कर ली गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों पर लंबे समय से खड़े ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों को निशाना बनाते थे। वे वाहनों से बैटरियां निकालकर उन्हें बेचने की योजना बनाते थे, ताकि आर्थिक लाभ कमा सकें।
तीनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
