चक्रवात मोंथा का कहर, छह राज्यों में भारी बारिश, आंध्र तट से आज टकरा सकता है तूफान

चक्रवात मोंथा का कहर, छह राज्यों में भारी बारिश, आंध्र तट से आज टकरा सकता है तूफान

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र गहराने के बाद अब चक्रवात मोंथा का रूप ले चुका है। सोमवार से ही इसके असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और केरल में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मोंथा मंगलवार सुबह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं के चलते तटीय जिलों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। 

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राहत और बचाव के सभी इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नायडू से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। नायडू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य को आवश्यक केंद्रीय सहायता और त्वरित राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही आईटी मंत्री नारा लोकेश को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान 17 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है जो दोपहर 2:30 बजे पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह क्षेत्र जो तमिलनाडु में चेन्नई से लगभग 440 किमी पूर्व में, आंध्र प्रदेश में काकीनाडा से 490 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में, आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम से 530 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में, ओडिशा में गोपालपुर से 710 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में है।