VIDEO बागेश्वर धाम में पंडाल का हिस्सा गिरने से एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल
छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह पंडाल का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 8 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह 7 बजे आरती के बाद हुआ। लोहे का एंगल गिरने की वजह से श्रद्धालु के सिर पर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती के दौरान बारिश हो रही थी। इसी समय भारी भीड़ जमा हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग शेड के नीचे पहुंचे थे। घायल राजेश ने बताया कि उनके ससुर लाला श्यामलाल कौशल की इस हादसे में मौत हो गई है। वहीं परिवार के 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पत्नी सौम्या, बच्ची पारुल, बच्ची उन्नति, पड़ोसी आर्यन, कमला हैं। इनको अस्पताल में भर्ती किया गया है। यहां पंडाल में तकरीबन 15 से 20 लोग नीचे दब गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।