कंबल बेचने के बहाने ज्वैलरी शोरूम में चोरी, मध्यप्रदेश में पकड़े गए 12 चोर

32 किलो से ज्यादा सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान बरामद

कंबल बेचने के बहाने ज्वैलरी शोरूम में चोरी, मध्यप्रदेश में पकड़े गए 12 चोर

 बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिछले दिनों हुई चोरी का खुलासा हो गया है। बाफना ज्वैलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के छिंउवाड़ा से 12 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनसे 32 किलो से ज्यादा सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान बरामद किया है। यह शातिर कंबल बेचने के बहाने रेकी करते और मौका मिलते ही चोरी कर भाग जाते थे। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब सहित कई राज्यों में मामले दर्ज हैं। चोरी के गहने खरीदने वाले पर भी कारर्वाई की गई है।
ज्ञात हो कि अर्जुंदा थाना क्षेत्र स्थित बाफना ज्वैलर्स के शोरूम में 24-25 जून की दरमियानी रात को चोरी हुई थी। यह शोरूम कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद के प्रतिनिधि हैं। इनकी शिकायत के बाद बाद जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने अलग-अलग जगहों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए। जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन में चार संदिग्ध दिखाई दिए। संदेही वाहन का राजनांदगांव में पहले से होना पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने राजनांदगांव निवासी लाखन सिंह भाटिया और महेश वाल्मीकि को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह कंबल बेचने के नाम पर फेरी लगाकर ज्वैलरी शॉप की रेकी किया करते थे। इसके बाद पांढुर्णा मध्यप्रदेश निवासी चंरण सिंह व संगम सिंह को सूचना दी थी। इसके बाद चरण सिंह व संगम सिंह राजनांदगांव पहुंच और 10 दिन रुककर चोरी की साजिश रची। इसके बाद 24 जून की रात चरण सिंह, संगम सिंह, लाखन सिंह और महेश वाल्मीकि चारपहिया वाहन लेकर आए और बाफना ज्वैलर्स की दुकान में लगा शटर का ताला तोड़कर चोरी की। वहां से सोने के 1.620 किलो, चांदी के 31 किलो और 1.78 लाख रुपए, सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर ले गए। राजनांदगांव में गहनों व रुपयों का बंटवारा कर सभी अपने-अपने घर के लिए चले गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से जानकारी मिलने के बाद चरण सिंह और संगम सिंह की तलाश में टीम पंजाब के अमृतसर और टीम पांढुर्णा मध्यप्रदेश भेजी गई। टीम ने दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नम्बर प्लेट बनवाकर गाड़ी में उसका उपयोग करते थे। आरोपियों से चोरी के गहने खरीदने वाला राजनांदगांव का सुनार रामकुमार सोनी भी पकड़ा गया है। इसके बाद दोनों आरोपियों मकानों में मेटल डिटेक्टर की मदद से तलाशी ली। तलाशी में फर्श के नीचे दबाकर आधा बोरी में भरकर रखे गए करीब 15 किलो से अधिक कीमती जेवरात बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक, तवेरा कार, लोहे के रॉड बरामद हुए हैं। बालोद पुलिस के साथ, राजनांदगाव, दुर्ग पुलिस की विशेष भूमिका रही।
इस पूरे मामले में शास्त्री वार्ड पाढुर्णा, मध्यप्रदेश निवासी संगम सिंह बावरी व चरण सिंह भादा, अटल आवास पेन्ड्री, राजनांदगांव निवासी लाखन सिंह भाटिया, संजू सिंह, सागर भोजपुरी, रामकुमार सोनी व महेश वाल्मीकि, हरदा मध्यप्रदेश निवासी राजेन्द्र सिंह व सुरजीत सिंह, भोपाल निवासी हरविंदर सिंह, छिन्दवाड़ा निवासी राणदीप सिंह और कुलजीत सिंह शामिल हैं।