सिरसा गेट के पास चिट्टा बेच रही महिला गिरफ्तार, 5.80 ग्राम हेरोइन और नकदी बरामद

पुरानी भिलाई पुलिस की कार्रवाई, 6.12 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

सिरसा गेट के पास चिट्टा बेच रही महिला गिरफ्तार, 5.80 ग्राम हेरोइन और नकदी बरामद

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अवैध रूप से चिट्टा (हेरोइन) की बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 5.80 ग्राम हेरोइन, बिक्री की नकदी राशि और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 6 लाख 12 हजार 900 रुपये की सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरसा गेट यात्री प्रतीक्षालय के पास एक महिला हेरोइन बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रज्जी कौर (50 वर्ष), निवासी खुर्सीपार जोन-03 बताया। महिला आरक्षक द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 5.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। साथ ही मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 20,900 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 5 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती की कीमत 6 लाख 12 हजार 900 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत धारा 21 (क)(ख) एवं 27 (क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • रज्जी कौर, पति स्वर्गीय मुख्तार सिंह
    उम्र : 50 वर्ष
    निवासी : खुर्सीपार जोन-03, थाना खुर्सीपार, भिलाई

जब्त सामग्री

  • 5.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा)
  • 20,900 रुपये नकद
  • 3 मोबाइल फोन
  • कुल जब्ती मूल्य : 6,12,900 रुपये