ओवर ब्रिज पर भाजपा नेत्री के भाई से लूट की वारदात, 50 हजार समेत सामान लूटा

ओवर ब्रिज पर भाजपा नेत्री के भाई से लूट की वारदात, 50 हजार समेत सामान लूटा

रायपुर की सड़कों पर बीती रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुरा ओवर ब्रिज के पास 3 से 4 अज्ञात युवकों ने एक युवक को घेर लिया और चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।

पीड़ित निखिल शर्मा हैं, जो भाजपा नेत्री हरशीला रूपाली शर्मा के भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वे अपने रिश्तेदार से मिलने के बाद देर रात रायपुरा से सदर बाजार की ओर लौट रहे थे। तभी ओवर ब्रिज पर बदमाशों ने उन्हें रोका, चाकू निकालकर धमकाया और उनके गले से सोने की चेन, पर्स और करीब 50 हजार रुपये नगदी लूट ली।

यही नहीं, बदमाश उनके साथ मौजूद क्रेडिट कार्ड, मोबाइल फोन, अस्पताल के बिल और जरूरी दस्तावेज भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ डीडी नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की टीम इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।