गौ हत्या मामले में फरार मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

बलरामपुर। चौकी विजयनगर थाना रामानुजगंज पुलिस ने कुछ दिन पहले हुई गौ हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और घटना के मास्टरमाइंड सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह मामला 15 अक्टूबर 2025 का है। प्रार्थी अस्तु यादव पिता कैलाश यादव निवासी ग्राम महावीरगंज ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि कुछ लोगों ने रात 2 से 3 बजे के बीच एक बछड़े की हत्या कर उसका मांस आपस में बांटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विजयनगर ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और निर्देश पर मौके पर टीम भेजी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। आगे की जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के मास्टरमाइंड जिलानी पिता सततार (45 वर्ष) और समीम पिता सत्तार (37 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम महावीरगंज चौराडांड घटना के बाद से फरार थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गांव चौराटांड़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, और आगे की जांच जारी है।